कानपुर के चौबेपुर में गौ हत्या के एक मामले को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने शुक्रवार, 10 जुलाई को पुलिस थाने में ज्ञापन सौंपा। संगठनों ने गौ हत्या के आरोपियों और थाने में तैनात दो उपनिरीक्षकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
हिंदूवादी संगठन के प्रमुख विपिन शुक्ला ने बताया कि चौबेपुर थाना क्षेत्र में दर्ज गौ हत्या के मुकदमा संख्या 0207 (दिनांक 7 जुलाई 2026) के संबंध में यह ज्ञापन दिया गया है। उन्होंने पारा प्रतापपुर, जादेपुर, कुर्मी खेड़ा खुर्द में हुई घटनाओं का भी जिक्र किया और नामजद आरोपियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
संगठन ने कुछ पुलिसकर्मियों की कथित मिलीभगत के आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 15 जुलाई तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो 16 जुलाई को चौबेपुर थाने पर दोबारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इससे पहले, 10 जुलाई को दोपहर 12 बजे चौबेपुर थाने पर हनुमान चालीसा पाठ और धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित था। गोरक्षकों के अनुसार, इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, एसीपी बिल्हौर संजय कुमार सिंह और थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने 24 घंटे के भीतर मामले में प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद संगठन ने फिलहाल अपना धरना स्थगित कर दिया।
संगठन ने अब गांव-गांव जाकर जनजागरण अभियान चलाने की बात कही है। बैठक के दौरान विपिन शुक्ला, मनीष दीक्षित, आयुष तिवारी, कुक्कू ठाकुर, आदित्य पांडे, रंजीत सिंह, उत्कर्ष शुक्ला, शैलेंद्र सिंह, श्याम जी और धीरू सिंह सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
